फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत जनपद में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। माधोटांडा थाना क्षेत्र में खनन माफियाओं के दुस्साहस को कुचलते हुए पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस छापेमारी से अवैध मिट्टी और बालू के काले कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि माधोटांडा थाना क्षेत्र में खनन माफिया रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मिट्टी और बालू का अवैध उठाव कर रहे हैं। इस अवैध धंधे से न केवल पर्यावरण को चोट पहुँच रही थी, बल्कि सरकार को भी भारी राजस्व का नुकसान हो रहा था। गुरुवार देर रात, खनन अधिकारी सुभाष सिंह को सटीक सूचना मिली कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन चल रहा है। सूचना मिलते ही उन्होंने बिना वक्त गंवाए मौके पर दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर भगदड़ मच गई। टीम को देखते ही कई लोग अपने वाहन छोड़कर खेतों की ओर भाग निकले। हालांकि, टीम ने घेराबंदी कर मौके से 4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया। जब वाहनों की जांच की गई, तो चालकों के पास खनन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट नहीं मिला। इसके बाद खनन अधिकारी ने चारों वाहनों को तत्काल सीज कर माधोटांडा पुलिस के हवाले कर दिया। खनन अधिकारी सुभाष सिंह पिछले चार दिनों से जनपद में सक्रिय अभियान चला रहे हैं। उनके इस आक्रामक रुख से अवैध खनन सिंडिकेट के गुर्गों में खौफ का माहौल है। पिछले 4 दिनों से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। माधोटांडा में सीज किए गए वाहनों पर सुसंगत धाराओं में जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह हंटर आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।" — सुभाष सिंह, खनन अधिकाररी पीलीभीत - जियाउल हक़ खान -151173981
