वैश्विक परिस्थितियों के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तेल बचत अपील का दिखा असर
सुंदरपुर आवास से रोहनिया स्थित काशी क्षेत्र कार्यालय तक बाइक से पहुंचे दिलीप पटेल
सप्ताह में एक दिन निजी वाहन छोड़ने, साइकिल और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील
वाराणसी 14 मई:-- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वैश्विक परिस्थितियों और राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए देशवासियों से ईंधन बचत के आवाहन के बाद अब इसका असर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। केंद्र और विभिन्न राज्यों के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा नेता निजी वाहनों के बजाय साइकिल, सार्वजनिक परिवहन या वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने की पहल कर रहे हैं।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने भी प्रधानमंत्री की अपील को व्यवहारिक रूप देते हुए अपने सुंदरपुर स्थित आवास से रोहनिया स्थित काशी क्षेत्र कार्यालय तक बाइक से पहुंचकर ईंधन संरक्षण का संदेश दिया। क्षेत्रीय अध्यक्ष की इस पहल को कार्यकर्ताओं के बीच सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यालय पहुंचने पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिलीप पटेल ने कहा कि यदि सभी नागरिक प्रतिदिन थोड़ी-थोड़ी मात्रा में तेल की बचत करें तो यह राष्ट्रहित में बड़ा योगदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि इससे जहां ईंधन की खपत कम होगी, वहीं पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की कि सप्ताह में कम से कम एक दिन निजी वाहनों का उपयोग न कर सार्वजनिक परिवहन, साइकिल अथवा पैदल चलने की आदत अपनाएं। उन्होंने कहा कि पास की दूरी तय करने के लिए साइकिल या पैदल चलना न केवल ईंधन बचत करेगा बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होगा।
भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा रही कि काशी क्षेत्र के मुखिया दिलीप पटेल की इस पहल का संदेश संगठन के निचले स्तर तक पहुंचेगा और आने वाले समय में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी चार पहिया वाहनों के स्थान पर दोपहिया या वैकल्पिक साधनों को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे ।। रविन्द्र गुप्ता
