फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं पारिवारिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में महिला सहायता प्रकोष्ठ लगातार सराहनीय कार्य कर रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में महिला सहायता प्रकोष्ठ की टीम ने आपसी मतभेदों के चलते अलग रह रहे एक दंपती के बीच सुलह-समझौता कराकर एक परिवार को टूटने से बचा लिया। प्रभारी महिला सहायता प्रकोष्ठ एवं क्षेत्राधिकारी नमिता सिंह के प्रयासों से दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। बातचीत और समझाइश के माध्यम से पति-पत्नी के बीच चल रहे गिले-शिकवे दूर कराए गए। काफी देर तक चली काउंसलिंग के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से पुनः साथ रहने को तैयार हो गए। महिला सहायता प्रकोष्ठ की पहल से दंपती ने आपसी विश्वास और संवाद के साथ नए सिरे से जीवन शुरू करने का संकल्प लिया। इस दौरान दोनों पक्षों ने भविष्य में छोटी-छोटी बातों को विवाद का कारण न बनने देने तथा परिवार की खुशहाली बनाए रखने की बात कही। महिला सहायता प्रकोष्ठ की टीम द्वारा लगातार ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है, ताकि पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान हो सके और परिवारों को टूटने से बचाया जा सके। पुलिस विभाग की इस पहल की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
