फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर बैठे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। यह बात भारत सरकार की प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पी0एम0 अजय) केन्द्रीय सलाहकार समिति के सदस्य धीरेन्द्र वाल्मीकि ने गुरुवार को लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कही। बैठक में जनपद में संचालित केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। सदस्य धीरेन्द्र वाल्मीकि ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, पात्र लाभार्थियों को मिल रहे लाभ तथा लंबित कार्यों की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करें, ताकि गरीब, दलित, पिछड़े एवं वंचित वर्ग के लोगों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक लाभ गांव और शहर के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, विद्युत सौभाग्य योजना, समाज कल्याण विभाग, नगरीय निकाय एवं जल निगम द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधूरे कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होने कहा कि स्वच्छता, बिजली, पेयजल, आवास एवं सामाजिक सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचना आवश्यक है। इसके लिए सभी विभाग गंभीरता से कार्य करें और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने में तेजी लाएं। बैठक के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा जनपद में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सन्तोष कुमार सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
