लखनऊ। आगरा जनपद के खेरागढ़ क्षेत्र में कथित भूमाफिया और संगठित गिरोह के खिलाफ एक गंभीर शिकायत प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंची है। शिकायतकर्ता अमरेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया है कि खेरागढ़ निवासी अनिल कुमार गर्ग उर्फ अन्नी डीलर वर्षों से सुनियोजित तरीके से जमीन खरीद-फरोख्त, बैंक ऋण अनियमितताओं और बेनामी संपत्तियों के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार चला रहा है।
शिकायत में दावा किया गया है कि आरोपी ने अपने परिजनों और सहयोगियों के साथ मिलकर एक संगठित नेटवर्क तैयार किया, जिसके माध्यम से गरीब किसानों और मजदूरों को ट्रैक्टर ऋण दिलाने के नाम पर बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं की गईं। आरोप है कि किसानों की जमीनों पर जरूरत से अधिक ऋण स्वीकृत कराकर भारी धनराशि अर्जित की गई और बाद में उसी धन से जमीनों की खरीद-फरोख्त का कारोबार फैलाया गया।
करोड़ों की संपत्तियों और बेनामी कारोबार का आरोप
प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया गया है कि अनिल कुमार गर्ग और उसके परिवार के नाम पर खेरागढ़, आगरा, दिल्ली और वृंदावन सहित कई स्थानों पर आलीशान मकान, फ्लैट, शोरूम, गार्डन, कोल्ड स्टोरेज, पेट्रोल पंप मार्केट और अन्य व्यावसायिक संपत्तियां मौजूद हैं।
शिकायतकर्ता का दावा है कि इनमें से कई संपत्तियां बेनामी हैं और उनकी आय का विवरण आयकर अभिलेखों में स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वर्ष 2017 से 2025 के बीच 132 संपत्तियों के खरीद-फरोख्त में 13 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ, जिसमें करोड़ों रुपये के स्टाम्प शुल्क और कर चोरी की आशंका जताई गई है।
ट्रैक्टर लोन और बैंकिंग अनियमितताओं का भी आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर फाइनेंस के नाम पर एक ही ट्रैक्टर पर दो अलग-अलग बैंकों से ऋण स्वीकृत कराए गए। आरोप है कि बाद में ऋण माफी योजनाओं का लाभ उठाकर बैंकिंग प्रणाली को नुकसान पहुंचाया गया, जबकि वास्तविक लाभार्थियों को इसकी जानकारी तक नहीं हुई। इसके अलावा शिकायत में यह भी कहा गया है कि राजस्थान और मध्यप्रदेश में बड़े पैमाने पर ट्रैक्टरों की बिक्री और वित्तीय लेनदेन में भी अनियमितताएं की गईं।
पूरे मामले की जांच और कार्यवाही की मांग
करोड़ों के बेनामी जमीनी कारोबार, बैंक लोन घोटाले, स्टाम्प चोरी, एवं वित्तीय लेनदेन में की गयी अनियमितताओं और बेनामी संपत्तियों के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध कारोबार की जांच कराई जाएं और दोषियों के खिलाफ़ क़ानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्ट नंदकिशोर शर्मा 151170853
