जिला आलीराजपुर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए, यातायात पुलिस आलीराजपुर द्वारा पूरे जिले में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक महोदय श्री रघुवंशसिंह के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पटेल के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान यह देखा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरी अथवा अन्य व्यावसायिक कार्यों तथा शादी-ब्याह जैसे आयोजनों के लिए आमजन टेम्पो, तूफान, जीप, पिकअप आदि वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियों का परिवहन कर रहे हैं। इससे वाहन के अधिक भार के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। इस पर नियंत्रण हेतु जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा संबंधित वाहन चालकों एवं ग्रामीण नागरिकों को जागरूक करते हुए आवश्यक समझाइश भी दी जा रही है।
पिछले 15 दिनों में जिले में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने के कुल 354 चालान बनाए जाकर ₹1,86,400 का जुर्माना वसूल किया गया है।
दिनांक 12.05.2026 को जिला मुख्यालय स्थित सिनेमा चौराहा पर लगने वाले मजदूर/श्रमिक मेले के दौरान यातायात पुलिस आलीराजपुर एवं सामाजिक कार्यकर्ता, जयस जिला अध्यक्ष श्री अरविन्द कनेश के द्वारा टेम्पो एवं तूफान चालकों तथा उनमें सवार होकर लटककर यात्रा करने वाले मजदूरों को क्षमता से अधिक सवारी बैठाने के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। साथ ही इससे होने वाली संभावित क्षति की भरपाई न हो पाने संबंधी जानकारी भी दी गई।
यातायात थाना प्रभारी सूबेदार श्री अर्जुन वास्केल द्वारा उपस्थित मजदूरों एवं वाहन चालकों को भविष्य में वाहनों में लटककर अथवा क्षमता से अधिक सवारी लेकर यात्रा न करने की शपथ दिलाई गई तथा यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया।
फास्ट न्यूज इंडिया
पायल बघेल डिस्टिक इंचार्ज आलीराजपुर
