शाहपुर इलाके के असुरन पुलिस चौकी के सामने मंगलवार सुबह चाय बनाते समय गैस रिसाव से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर तीन दुकानें जलकर राख हो गईं। घटना के दौरान दो गैस सिलेंडरों में विस्फोट होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सिलेंडर का एक टुकड़ा पुलिस चौकी के पास जाकर गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक, पादरी बाजार निवासी पप्पू मल्ल की असुरन पुलिस चौकी के सामने रेलवे अस्पताल की पश्चिमी दीवार से सटी टिनशेड की अस्थायी दुकान है, जहां वह चाय-नाश्ते का कारोबार करते हैं। बगल में पिपराइच के हैदरगंज निवासी रवि की मिट्टी के बर्तनों की दुकान और बौलिया कॉलोनी निवासी संजय कुमार की गैस चूल्हा रिपेयरिंग व गैस रिफिलिंग की दुकान है।
पप्पू मल्ल ने बताया कि सुबह करीब छह बजे वह गैस चूल्हे पर चाय बनाने जा रहे थे। इसी दौरान गैस रिसाव होने से अचानक आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास में उनका एक हाथ झुलस गया। आसपास के लोग भी आग बुझाने में जुटे, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग के बीच दुकान में रखे दो सिलेंडरों में विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने असुरन से धर्मशाला जाने वाली सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात रोक दिया और ट्रैफिक को यांत्रिक कारखाना मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया।
गैस रिफिलिंग पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी के सामने खुलेआम गैस रिफिलिंग किए जाने पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि कुछ दुकानदार बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरने का काम करते हैं, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। इलाके में अक्सर गैस की तेज गंध फैलती रहती है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद इस अवैध काम पर कार्रवाई नहीं की जाती। रिपोर्ट - फूलमती मौर्य 151188511
