वाराणसी । भारत विकास परिषद काशी शाखा की नवीन कार्यकारिणी का पदग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में चौकाघाट स्थित हेरीटेज पैलेस में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि डॉक्टर श्रीमती नीरजा माधव एवं प्रांतीय अध्यक्ष हरविंदर वालिया एवं परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान नव निर्वाचित पदाधिकारियों को विधिवत दायित्व ग्रहण कराया गया तथा उन्हें समाज सेवा, संस्कार, सहयोग एवं राष्ट्र निर्माण की परिषद की परम्पराओं को आगे बढ़ाने हेतु प्रेरित किया गया।
नव नियुक्त अध्यक्ष भा. सौरभ जैन ने अपने उद्बोधन में परिषद के सेवा प्रकल्पों, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा सामाजिक उत्तरदायित्वों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया।
सचिव भा. डॉ अमित कुमार सिंह ने आगामी वर्ष की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने की बात कही।
इसी क्रम में महिला संयोजीका भा. संगीता रस्तोगी ने महिलाओं की सहभागिता पर जोर दिया।
कोषाध्यक्ष भा. जीवन खन्ना ने परिषद की आर्थिक पारदर्शिता एवं सेवा कार्यों के विस्तार हेतु सभी सदस्यों के सहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष भा. हरविंदर वालिया जी एवं प्रान्त से पधारे अन्य गणमन्य पदाधिकारी के साथ परिषद के सदस्यों, भाभियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी अतिथियों का सम्मान स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।
इसी के साथ शाखा का स्थापना दिवस का भी आयोजन किया गया जिसमें संस्थापक सदस्यों के साथ-साथ पूर्व अध्यक्ष, सचिव एवं महिला संयोजिका को भी उपहार एवं अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन भा. हिना मेहरोत्रा एवं भा. आरती अरोड़ा ने कार्यक्रम पर्यवेक्षक पूर्व अध्यक्ष भा. अमित अग्रवाल की देखरेख में किया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन पूर्व अध्यक्ष भा. दीपक माहेश्वरी ने दिया, उसी के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ ।। रविन्द्र गुप्ता
