फ़ास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
इंटर कॉलेज, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग पर प्रशासन गंभीर, जल्द समाधान का भरोसा
पीलीभीत। तहसील कलीनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत बूंदी भूड में रविवार को प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद देखने को मिला, जब पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने गांव में विशाल जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। चौपाल में अधिकारियों के पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और उन्होंने गांव की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को खुलकर सामने रखा।
ग्रामीणों ने गांव में इंटर कॉलेज की स्थापना, विद्यालय में शिक्षकों की संख्या बढ़ाने, आवास, वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड, सड़क निर्माण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की मांग उठाई। कई ग्रामीणों ने सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलने की शिकायत भी अधिकारियों से की।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि गांव की समस्याओं का जल्द और गुणवत्तापूर्ण समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि खंड विकास अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, डीसी मनरेगा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी गांव पहुंचकर लोगों से वार्ता करेंगे और समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की सलाह दी और कहा कि सरकार सिलाई, ब्यूटी पार्लर समेत कई रोजगारपरक प्रशिक्षण योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ ग्रामीणों को लेना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गांव के विकास के लिए हरसंभव बजट उपलब्ध कराया जाएगा और प्रशासन का उद्देश्य हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से उनका लाभ लेने की अपील की। वहीं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने ग्रामीणों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन गांव की हर समस्या के समाधान के लिए संवेदनशील है। चौपाल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी कलीनगर, नायब तहसीलदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
