फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
यूपी, गोरखपुर। मातृ दिवस के पावन अवसर पर शहर में राइजिंग एंजल सोसाइटी एवं रेडियो सिटी द्वारा एक भव्य, भावनात्मक और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों के दिलों को गहराई से छू लिया। कार्यक्रम में मां और बच्चों के अटूट रिश्ते, संस्कार और सम्मान की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रोफेसर पूनम टंडन रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सत्या पाण्डेय उपस्थित रहीं। राइजिंग एंजल सोसाइटी की अध्यक्ष एवं वर्टेक्स ग्लोबल स्कूल की निदेशिका तूलिका त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान उपाध्यक्ष अंजना केसरवानी, सह सचिव सीमा राय, कोषाध्यक्ष रिंकी शर्मा तथा रेडियो सिटी से प्रीती त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में वर्टेक्स ग्लोबल स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन ने सभी को भावुक कर दिया। बच्चों ने मां के त्याग, प्रेम और ममता को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से बेहद खूबसूरती से दर्शाया। पंखुड़ी श्रीवास्तव ने अपनी मनमोहक कथक प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया, वहीं आहना की तबला वादन प्रस्तुति और विन्नी के पियानो प्रदर्शन ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इसके अलावा नव सृजन अकादमी सहित कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। बच्चों द्वारा प्रस्तुत भावनात्मक कार्यक्रमों ने वहां मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं और पूरा माहौल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर की हॉकी टीम को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। रीता मिश्रा के मार्गदर्शन में खेल रही टीम की उपलब्धियों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर पूनम टंडन और डॉ. सत्या पाण्डेय ने राइजिंग एंजल सोसाइटी द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में संस्कार, सम्मान और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
मातृ दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि यह मां के प्रति प्रेम, सम्मान और भावनाओं का जीवंत संदेश बनकर लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बना गया। रिपोट - जसवीर मोदनवाल 151167985
