पुलिस ने खोला टेंपो गैंग का राज, महिला यात्रियों से करते थे चोरी
सवारी बैठाकर करते थे चोरी, प्रतापगढ़ पुलिस ने दो बदमाश पकड़े
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद की थाना कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। महिला यात्री के बैग से जेवर चोरी करने वाले दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी से संबंधित ₹15,920 नकद तथा घटना में प्रयुक्त एक टेंपो भी बरामद किया है।पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार 01 मई 2026 को कानपुर नगर निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि थाना अंतू क्षेत्र में एक शादी समारोह से लौटते समय ऑटो में अज्ञात व्यक्तियों ने उनके बैग का ताला तोड़कर सोने की चेन और चांदी की पायल चोरी कर ली थी। इस मामले में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान चौकी प्रभारी भगवा उपनिरीक्षक अमित सिंह व उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन जीआरपी बैरक के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवींद्र वर्मा निवासी नेवादा दीवानगंज थाना कंधई तथा संदीप वर्मा निवासी पूरे मुस्तफा थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उनका गिरोह स्टेशन से सवारी बैठाकर यात्रियों का ध्यान भटकाता था और बैग का ताला तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लेता था। चोरी किए गए जेवरों को राहगीरों को बेचकर आपस में रकम बांट ली जाती थी। पुलिस के अनुसार चोरी किए गए सोने की चेन व चांदी की पायल को लगभग ₹60 हजार में बेच दिया गया था। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से ₹15,920 नकद व घटना में प्रयुक्त टेंपो बरामद किया है। मामले में बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित सिंह, कांस्टेबल श्याम सुंदर, विलास यादव, योगेंद्र एवं अंकित शामिल रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
