गोरखपुर, कुसम्ही बाजार l गोरखपुर क्षेत्र के ग्राम सभा जंगल गौरी नंबर एक में शनिवार की देर रात एक दर्दनाक अग्निकांड की घटना सामने आई। रात करीब 2 बजे अचानक एक रिहायशी झोपड़ी में आग लग गई, जिससे पूरी झोपड़ी जलकर खाक हो गई। हादसे में परिवार की गृहस्थी का सारा सामान, अनाज, कपड़े और नकदी जलकर नष्ट हो गई। हालांकि समय रहते परिवार के सदस्य बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मीना का परिवार रोज की तरह अपनी झोपड़ी में सो रहा था। तभी देर रात अचानक झोपड़ी के एक कोने से आग की लपटें उठने लगीं। परिवार जब तक कुछ समझ पाता, तब तक आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और शोर मचाया।
आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हैंडपंप तथा पास के गड्ढों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। लेकिन पछुआ हवा के तेज झोंकों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते पूरी झोपड़ी जलकर राख हो गई।
पीड़ित परिवार के अनुसार, बेटी की शादी के लिए जोड़ी गई नकदी, साल भर का राशन, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी सामान आग में जल गया। आग लगने के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है।
घटना की सूचना रविवार सुबह राजस्व विभाग को दे दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, अग्निकांड राहत राशि और सरकारी आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि “हमारी आंखों के सामने सब कुछ जल गया। किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकले। अब पहनने के कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा है। रिपोट - जसवीर मोदनवाल 151167985
