फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ शुक्रवार को चिलबिला स्थित मौर्य रिसोर्ट में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुई, जिसमें केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा भाजपा द्वारा किए गए विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षण वर्ग का औपचारिक उद्घाटन विधानसभा सदस्य एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन की मजबूती, वैचारिक स्पष्टता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा, सुशासन और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग कुल 11 सत्रों में संचालित किया जाएगा, जिसमें कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठन विस्तार, कार्यपद्धति, जनसंपर्क एवं सामाजिक दायित्वों से जुड़े विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों, मोर्चा पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के लगभग 300 कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता ने “देश के समक्ष चुनौतियाँ एवं निदान के हमारे प्रयास” विषय पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। सत्र की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव ने की। द्वितीय सत्र में पूर्व विधायक प्रभा शंकर पांडेय ने “वैचारिक अधिष्ठान” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। तृतीय सत्र में जिला प्रभारी कौशलेन्द्र सिंह पटेल ने “कार्यकर्ता विकास, संवाद एवं दायित्व बोध” विषय पर मार्गदर्शन दिया। वहीं चतुर्थ सत्र में वर्ग प्रभारी एवं काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता ने “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर विस्तार से चर्चा की। पंचम सत्र में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरनाथ यादव ने “विचार परिवार” विषय पर उद्बोधन दिया। वहीं षष्ठम सत्र में पूर्व राष्ट्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद विनोद सोनकर ने “मोदी सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाएं” विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से समाज के हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। जिला प्रवक्ता राघवेंद्र शुक्ल ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने के साथ संगठनात्मक कौशल विकसित करना है। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त बनाते हैं। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह, मोती सिंह, पूर्व विधायक धीरज ओझा, शिवकांत ओझा, ब्लॉक प्रमुख सत्यम ओझा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
