वाराणसी : कर्मचारी राज्य बीमा निगम चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, पांडेयपुर वाराणसी में 7 मई 2026 को निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम मंत्री अनिल राजभर द्वारा किया गया।
यह वार्षिक स्वास्थ्य जांच शिविर श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत 40 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के बीमित पुरुषों और महिलाओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की जाएगी। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, शुगर, बीएमआई, ईसीजी एवं स्त्री रोग संबंधी जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाना है। इस अवसर पर ईएसआईसी अस्पताल पांडेयपुर, वाराणसी एवं क्षेत्रीय कार्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डीन डॉ. सेल्वकुमार चेलैया, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रमोद कुमार राय, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत कुमार, संयुक्त निदेशक मुकेश कुमार, उप निदेशक प्रवीण कुमार सिंह, सहायक निदेशक संजीव कुमार शाही, सहायक निदेशक कृष्ण मुरारी एवं आलोक मिश्रा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
