आगजनी से बचाव को लेकर मेडिकल कॉलेज में फायर मॉक ड्रिल, डॉक्टरों और नर्सों को किया जागरूक
अस्पतालों की सुरक्षा पर जोर, प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज में फायर एवं इवेक्युएशन ड्रिल आयोजित
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार की अपेक्षा तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर गुरुवार को डॉ. सोनेलाल पटेल स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय प्रतापगढ़ में व्यापक स्तर पर फायर ड्रिल, मॉक ड्रिल एवं इवेक्युएशन ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पतालों को आगजनी जैसी आपात स्थितियों के प्रति अधिक सुरक्षित बनाना तथा चिकित्सकों, नर्सों और कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन के प्रति प्रशिक्षित एवं जागरूक करना रहा। सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज” अभियान के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग की टीम ने अस्पताल परिसर में संभावित आग लगने की स्थिति का प्रदर्शन कर बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास कराया। ड्रिल के दौरान यह बताया गया कि किसी भी आपदा या आगजनी की स्थिति में सबसे पहले किस प्रकार अलर्ट जारी किया जाए, मरीजों को सुरक्षित स्थान पर कैसे पहुंचाया जाए तथा अग्निशमन उपकरणों का प्रभावी उपयोग किस प्रकार किया जाए। अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों एवं कर्मचारियों को फायर एक्सटिंग्विशर के प्रयोग, धुएं से बचाव, आपातकालीन निकासी मार्ग, ऑक्सीजन वार्ड में विशेष सावधानियों तथा गंभीर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया की जानकारी विस्तार से दी गई। अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर लाइव डेमो प्रस्तुत करते हुए आग बुझाने के विभिन्न तरीकों का प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन के प्रति सतर्क और प्रशिक्षित रहना अत्यंत आवश्यक है। ड्रिल के माध्यम से अस्पताल स्टाफ को यह संदेश दिया गया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में घबराने के बजाय संयम और सूझबूझ के साथ कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर पुरुष एवं महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. शैलेंद्र कुशवाहा, डॉ. रमेश कुमार पांडेय सहित अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्यकर्मी एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अस्पताल प्रशासन ने अग्निशमन विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
