फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थानीय बनकट गांव में स्थित जल निगम की पानी टंकी का मोटर जल जाने से क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। पिछले एक सप्ताह से चौबेपुर कस्बा समेत दर्जनों गांवों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।भीषण गर्मी के बीच हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों को दूर-दराज इलाकों से पानी लाकर अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों में इसको लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है।ग्रामीण सुरेंदर सेठ गामा, नीरज गुप्ता, विजय जायसवाल, राजेंद्र सेठ सहित अन्य लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं इस संबंध में जन संदेश टाइम्स अखबार के स्थानीय संवाददाता राहुल सेठ से जल निगम के सहायक अभियंता सद्दाम हुसैन ने बताया कि,टंकी का मोटर जलने की जानकारी मिलते ही मरम्मत की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नया मोटर मंगाया जा रहा है और 1-2 दिन के भीतर उसे लगाकर पानी की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। लईक आफताब 151166686
