यूपी, गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र में एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने देर रात एक युवती के कमरे में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
पीड़िता की बड़ी बहन की तहरीर पर पुलिस ने बखरिया निवासी विकास के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
तहरीर के अनुसार, यह घटना 2 मई की रात करीब 12:30 बजे की है। आरोपी चुपके से घर में घुसकर युवती के कमरे तक पहुंच गया। वहां उसने मोबाइल में कुछ फोटो दिखाकर उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश की और दुष्कर्म का प्रयास किया। उस समय घर के अन्य सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। युवती के विरोध और शोर मचाने पर परिवार के लोग जाग गए और तुरंत कमरे में पहुंच गए।
परिजनों को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन परिवार के सदस्यों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी ने मारपीट भी की, लेकिन अंततः उसे काबू में कर लिया गया और पुलिस को सौंप दिया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी कई दिनों से उसे फोन कर धमकी दे रहा था। वह कहता था कि यदि वह उससे नहीं मिलेगी तो उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इसी दबाव में वह युवती पर शादी के लिए भी जोर बना रहा था। इन धमकियों के कारण पीड़िता लंबे समय से भयभीत थी और घर से बाहर निकलने में भी असहज महसूस कर रही थी।
इस मामले की जांच उपनिरीक्षक मंजीत खरवार को सौंपी गई है। थाना प्रभारी सुधांशु सिंह ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। रिपोट - जसवीर मोदनवाल 151167985
