शॉर्ट सर्किट के कारण धधका बिजली का खंभा, जर्जर तारों ने बढ़ाया हादसा
पीलीभीत। शहर के टनकपुर रोड स्थित गुप्ता भवन के सामने मंगलवार देर रात एक बिजली के पोल में भीषण आग लग गई। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते इसने पूरे बिजली के जाल और मुख्य लाइन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात बिजली के खंभे में अचानक जोरदार शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके बाद तेज स्पार्किंग शुरू हो गई, जिसने कुछ ही पलों में आग का रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटों को देखकर राहगीरों ने अपने वाहन रोक दिए और स्थानीय निवासियों में डर का माहौल बन गया।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय निवासियों द्वारा बिजली विभाग को दी गई। सुरक्षा कारणों और बड़ी अनहोनी को टालने के लिए विभाग ने पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिसके कारण काफी देर तक इलाका अंधेरे में डूबा रहा।
इस अग्निकांड में बिजली की मुख्य लाइन और पोल पर लगे अन्य उपकरण बुरी तरह जलकर राख हो गए हैं। इसके चलते टनकपुर रोड से जुड़े कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिजली के तारों की हालत काफी जर्जर हो चुकी है, जिसके कारण अक्सर स्पार्किंग होती रहती है और ऐसे हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है।
फिलहाल, बिजली विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और क्षतिग्रस्त लाइन व उपकरणों को बदलने का काम किया जा रहा है ताकि विद्युत आपूर्ति को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
New layer...
