शिवगढ़ ब्लॉक में विकास एजेंडा तय, पंचायतों के कार्यकाल विस्तार को लेकर सौंपा ज्ञापन
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। शिवगढ़ ब्लॉक सभागार में बुधवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों की एक महत्वपूर्ण और व्यापक बैठक आयोजित की गई, जिसमें रानीगंज के निवर्तमान विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, आगामी योजनाओं की रणनीति और पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों को लेकर कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत पूर्व में संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा के साथ हुई, जिसमें विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति, उनकी गुणवत्ता तथा आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर कार्यों के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों पर चर्चा करते हुए उन्हें दूर करने के उपाय सुझाए। इसके साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लगभग दो करोड़ रुपये की प्रस्तावित कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। ग्रामीण विकास को गति देने के लिए सड़क, जल निकासी, पेयजल, आवास एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। इसके उपरांत अखिल भारतीय प्रधान संगठन, विकास खंड शिवगढ़, जनपद प्रतापगढ़ के तत्वावधान में प्रधान संघ की बैठक आयोजित हुई। ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश दुबे के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर अपनी समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान प्रधान संघ की ओर से निवर्तमान विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था के कार्यकाल को बढ़ाने की प्रमुख मांग रखी गई। प्रधानों का कहना था कि वर्तमान परिस्थितियों में समय से पंचायत चुनाव कराना व्यवहारिक रूप से संभव नहीं दिख रहा है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाया जाना आवश्यक है, ताकि चल रही योजनाओं की निरंतरता बनी रहे और सुशासन को मजबूती मिल सके। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि अधूरे विकास कार्यों को पूर्ण करने के लिए समय विस्तार बेहद जरूरी है।कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख शिवगढ़ सत्यम ओझा ने की। अपने संबोधन में उन्होंने ब्लॉक के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि ब्लॉक परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके। इसके अलावा ब्लॉक के जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि यदि समय से पंचायत चुनाव नहीं हो पाते हैं, तो पंचायत प्रतिनिधियों के कार्यकाल के विस्तार के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी संजय नारायण झा, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) शिव कुमार श्रीवास्तव सहित सभी क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सेक्रेटरी अमित साहू द्वारा किया गया।बैठक को लेकर क्षेत्र में काफी उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता ने इसे एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावशाली आयोजन बना दिया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
