आगरा। भीषण गर्मी का कहर पूरे उत्तर प्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में लगातार बढ़ता जा रहा है। इस झुलसाती तपिश का असर सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं है, बल्कि बेजुबान पशु-पक्षी भी इससे बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। हर वर्ष गर्मी के मौसम में असंख्य पक्षी और जानवर भूख, प्यास और हीटस्ट्रोक के कारण अपनी जान गंवा देते हैं।
इसी संवेदनशील विषय को लेकर वरिष्ठ समाजसेवी राजेश खुराना ने समाज के हर वर्ग से एक भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि हम थोड़ी-सी मानवता दिखाते हुए अपने घरों, दफ्तरों और आसपास के स्थानों पर पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी और छांव की व्यवस्था करें, तो कई बेजुबान जिंदगियों को बचाया जा सकता है।
राजेश खुराना ने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने घरों के बाहर और छतों पर पानी से भरे बर्तन रखें। साथ ही, पक्षियों के लिए छाया की व्यवस्था करना भी बेहद जरूरी है, ताकि वे तेज धूप से बच सकें। उनका कहना है कि यह छोटा-सा प्रयास न सिर्फ जीवों को राहत देगा, बल्कि हमारे वातावरण को भी उनकी मधुर चहचहाहट से जीवंत बनाए रखेगा।
उन्होंने आगे कहा कि गर्मी के इस कठिन दौर में पशु-पक्षियों को हमारी सबसे ज्यादा जरूरत होती है। ऐसे में हम सबका कर्तव्य है कि आगे बढ़कर उनकी मदद करें और इस नेक कार्य का हिस्सा बनें।
आइए, हम सभी मिलकर इस तपती गर्मी में दया और करुणा का परिचय दें, और थोड़ी-सी छांव व पानी के जरिए इन बेजुबान प्राणियों को जीवनदान देकर मानवता की सच्ची मिसाल कायम करें।
रिपोर्ट नंद किशोर शर्मा 151170853
