सोशल मीडिया विज्ञापन बना अपहरण की वजह; छेड़छाड़ के बदले में युवक को उठाया
पीलीभीत की घुंघचाई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपहरण की एक सनसनीखेज वारदात का मात्र तीन घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने न केवल अपहृत युवक को सकुशल बरामद किया, बल्कि वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की महिंद्रा थार (UP 27 BS 6285) को जब्त कर दो मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। यह घटना 27 अप्रैल 2026 की है। ददौल कॉलोनी की निवासी रंजीत कौर ने पुलिस को सूचना दी कि उनके 35 वर्षीय पुत्र निरवैल सिंह को कुछ अज्ञात लोगों ने फोन करके दिलावरपुर भट्टे के पास बुलाया था। निरवैल सिंह अपने साथी रंजीत सिंह के साथ वहां पहुंचे, जहां थार गाड़ी में सवार 3-4 लोगों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जबरन गाड़ी में बिठाकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ पूरनपुर प्रतीक दहिया के निर्देशन में घुंघचाई थाने में तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से अपहृत निरवैल सिंह की लोकेशन शाहजहाँपुर जनपद के खुटार थाना क्षेत्र में ट्रैक की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर निरवैल सिंह को सुरक्षित छुड़ा लिया और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों अमरजीत सिंह (32 वर्ष)निवासी ग्राम खजुरिया, थाना खुटार।
गौरा गिल (38 वर्ष) निवासी मलिका, थाना खुटार।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इस किडनैपिंग की जड़ में एक निजी विवाद था। आरोपी अमरजीत सिंह की बहन ने खुटार में एक बुटीक सेंटर खोला था, जिसका विज्ञापन सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था। आरोप है कि अपहृत निरवैल सिंह ने विज्ञापन से नंबर निकालकर युवती को परेशान करना शुरू कर दिया था। इसी बात से आक्रोशित होकर अमरजीत और उसके साथियों ने सबक सिखाने के लिए निरवैल के अपहरण की योजना बनाई।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना में शामिल अन्य संभावित पहलुओं और फरार साथियों की भी जांच जारी है।"— प्रतीक दहिया, सीओ पूरनपुर (पीलीभीत) रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
