फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। गौहत्या के गंभीर मामले में वांछित 50 हजार रुपये का इनामी अंतरजनपदीय अभियुक्त पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स की प्रयागराज यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त अब्दुल्ला उर्फ नूर अब्दुल्ला (46 वर्ष), निवासी मऊआइमा, प्रयागराज है, जो देल्हूपुर थाना क्षेत्र में दर्ज गौहत्या और चोरी के गंभीर मामले में वांछित था। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। यह मामला 16 जनवरी 2026 की रात का है, जब ग्राम बरसण्डा क्षेत्र से दो गायों की चोरी कर ली गई थी। बाद में खोजबीन के दौरान नदी किनारे गायों के अवशेष मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस घटना के संबंध में थाना देल्हूपुर में अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। एसटीएफ टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हवाई जहाज चौराहा के पास पान की दुकान के सामने से दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान टीम ने सतर्कता और रणनीति के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर गायों को चोरी कर उनका वध किया और सबूत मिटाने के लिए अवशेष नदी में फेंक दिए थे। घटना के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रयागराज में छिपकर रह रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। वह एक संगठित आपराधिक गिरोह से भी जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
