फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत अंतू थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अभियुक्त घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पकड़ा गया अभियुक्त गोवध, गैंगस्टर समेत कई गंभीर मामलों में वांछित बताया जा रहा है।पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रशांत राज के पर्यवेक्षण में थाना अन्तू प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार सिरोही के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रामगढ़ी गायघाट रोड से चमरौधा पुल के समीप जंगल क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला। घायल बदमाश की पहचान सुलेमान पुत्र शहाबुद्दीन निवासी रामपुर कुर्मियान, थाना कंधई के रूप में हुई है। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।पुलिस ने मौके से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल तथा गोवध से संबंधित उपकरण (बांका, चाकू व रस्सी) बरामद किए हैं।पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त सुलेमान के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट सहित कुल छह मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही फरार अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
