यूपी गोरखपुर, कुसम्ही बाजार । रविवार भोर हुए सड़क हादसे में रेलवे के एक लोको पायलट की मौत हो गई, जिससे परिवार सहित पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। मृतक की पहचान चौरीचौरा थाना क्षेत्र के बाल बुजुर्ग निवासी 36 वर्षीय बीरू यादव पुत्र जोखन यादव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बीरू यादव रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत थे। वह शनिवार रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोतीराम अड्डा पावर हाउस के पास एक ट्रॉली से उनकी बाइक की टक्कर हो गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए एम्स भेजा, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
परिवार की बात करें तो बीरू यादव तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और पूरे घर की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनके पिता खेती करते हैं, जबकि दोनों छोटे भाई मजदूरी कर परिवार का सहयोग करते हैं। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं।
मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाने वाले बीरू यादव की असमय मौत से पूरे मोहल्ले में गहरा शोक व्याप्त है। रिपोर्ट - जसवीर मोदनवाल 151167985
