फ़ास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
जंगल के 'दुश्मनों' का बुरा अंत: खाकी की जवाबी फायरिंग में ढेर हुए शिकारियों के मंसूबे, भारी मात्रा में असलहा बरामद
पीलीभीत । पुलिस ने प्रतिबंधित वन्यजीवों का शिकार करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। माधोटांडा थाना पुलिस के साथ हुई इस भीषण मुठभेड़ में दो शिकारी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है
पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला 15 अप्रैल 2026 को बरही जंगल में जंगली सूअर के अवैध शिकार और फायरिंग की घटना से जुड़ा है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(2)/109 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। तफ्तीश के दौरान हरजिंदर सिंह, अमरजीत, हरपाल, मुख्तियार और सतनाम सिंह के नाम मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आए थे।
गिरोह का एक सदस्य हरजिंदर सिंह 21 अप्रैल को ही एक अन्य मुठभेड़ के बाद जेल भेजा जा चुका था। शेष चार शिकारियों की तलाश में पुलिस जुटी थी। 24 अप्रैल की रात पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि गिरोह के बाकी सदस्य सेल्हा मजार के पास जंगल में छिपे हैं।
पुलिस टीम ने जैसे ही घेराबंदी की, शिकारियों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अमरजीत (32 वर्ष) और हरपाल उर्फ जसपाल (24 वर्ष) के पैर में गोली लगी और वे वहीं ढेर होकर गिर पड़े।
गोलीबारी के बीच मौके से भागने की कोशिश कर रहे मुख्तियार सिंह (30 वर्ष) और बलजीत सिंह (20 वर्ष) को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। वहीं, गिरोह का पांचवा सदस्य सतनाम सिंह (72 वर्ष) भागने में सफल रहा था, जिसे अगले दिन 25 अप्रैल की सुबह डगा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से शिकार में इस्तेमाल होने वाला मौत का सामान बरामद किया है, जिसमें
एक 12 बोर की अवैध बंदूक एक 315 बोर का अवैध तमंचा दो जिंदा कारतूस और एक खोखा
पकड़े गए सभी अभियुक्त राघवपुरी (थाना हजारा, पीलीभीत) के निवासी हैं। पुलिस ने इनके विरुद्ध BNS की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर इन्हें जेल भेज दिया है। वन्यजीव संरक्षण की दिशा में स्थानीय पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। एसपी सुकीर्ति माधव ने टीम की सराहना कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान पीलीभीत -151173981
