कुंडा में रक्तदान शिविर आयोजित, 75 यूनिट रक्त संकलित—मानव सेवा की मिसाल
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। करुणा, प्रेम और सह-अस्तित्व की भावना को समर्पित ‘मानव एकता दिवस’ जिले में श्रद्धा, सेवा और समर्पण के साथ मनाया गया। यह पावन अवसर मानवता के उन उच्च मूल्यों का प्रतीक बना, जहाँ “मानव को मानव हो प्यारा, एक दूजे का बने सहारा” का संदेश केवल शब्दों तक सीमित न रहकर जनमानस के हृदयों में जीवंत होता दिखाई दिया।‘मानव एकता दिवस’ बाबा गुरुबचन सिंह की दिव्य स्मृति में आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी यह आयोजन सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता के सानिध्य में दिल्ली के ग्राउंड नंबर 8 में सम्पन्न हुआ। इसके साथ ही देशभर के हजारों सत्संग केंद्रों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहाँ श्रद्धालुओं ने सेवा और समर्पण की भावना के साथ भाग लिया।उल्लेखनीय है कि रक्तदान की यह परंपरा वर्ष 1986 में बाबा हरदेव सिंह की प्रेरणा से प्रारंभ हुई थी, जो पिछले चार दशकों से निरंतर जारी है। अब तक 9174 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 15 लाख से अधिक यूनिट रक्त संकलित किया जा चुका है, जो मानव सेवा के प्रति निरंकारी मिशन की अटूट प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है।इसी क्रम में संत निरंकारी सत्संग भवन, कुंडा (प्रतापगढ़) में भी रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज के अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से रक्तदान की प्रक्रिया सम्पन्न कराई। शिविर में कुल 75 यूनिट रक्त संकलित किया गया।पूरे आयोजन के दौरान स्वच्छता, सतर्कता और सेवा भाव का विशेष ध्यान रखा गया। यह पहल केवल जीवनरक्षक सेवा तक सीमित न रहकर मानवता, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व के उच्च आदर्शों का प्रतीक बनकर उभरी।कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता कुंडा नगर पंचायत अध्यक्ष शिवकुमार रहे। इस अवसर पर मुखी उमेश चन्द्र साहू, संचालक दिलीप कुमार, शिक्षक विनोद, एकाउंटेंट कमलेन्द्र कुमार राही, शारदा प्रसाद, सुरेश चन्द्र, राजकुमार सहित सेवादल के अनेक भाई-बहन एवं साध संगत उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जब मानव अपने स्वार्थों से ऊपर उठकर सेवा, करुणा और परोपकार के मार्ग पर चलता है, तब वह सम्पूर्ण सृष्टि के कल्याण का सशक्त माध्यम बन जाता है। यह आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव और मानव एकता के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ। यह जानकारी सालिकराम मौर्य, मीडिया सहायक द्वारा दी गई। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
