अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में ’एयर स्ट्राइक' की सूचना पर सिविल डिफेंस का मॉक ड्रिल, रेस्क्यू टीम ने किया त्वरित रिस्पॉन् ।
एसडीआरएफ टीम ने 100 लोगों को सुरक्षित निकाला, 4 घायल एवं 1 मृत
कोटपूतली-बहरोड़, जिला प्रशासन द्वारा गुरुवार को आदित्य बिरला अल्ट्रा टेक, मोहनपुरा में सिविल डिफेंस के तहत आपातकालीन मॉक ड्रिल का अभ्यास सायं 6 बजे किया गया। यह अभ्यास "एयर स्ट्राइक" की सूचना पर किया गया, जिसमें राहत एवं बचाव कार्यों की विभागीय प्रतिक्रिया और समन्वय की वास्तविक स्थिति का आकलन किया गया। जैसे ही एयर स्ट्राइक की सूचना मिली, सभी संबंधित विभागों को तत्काल सूचित किया गया। जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता एवं एसपी सतवीर सिंह और एडीएम ओमप्रकाश सहारण सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गए। साथ ही एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस दल, फायर ब्रिगेड, पुलिस, चिकित्सा, बिजली, जिला रसद विभाग सहित अन्य विभागों की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन शुरू किया।
फायर ब्रिगेड द्वारा आग पर काबू पाने की कार्रवाई की गई, जबकि चिकित्सा विभाग की टीमों ने घायलों को प्राथमिक उपचार प्रदान कर एम्बुलेंस के माध्यम से उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुँचाया। आपदा प्रबंधन की टीम ने प्लांट में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ-साथ सभी स्थानों की गहन तलाशी ली ताकि कोई व्यक्ति घायल अवस्था में पीछे न रह जाए। साथ ही एसडीआरएफ दल ने सीसीआर बिल्डिंग की चौथी मंजिल से रस्सी एवं स्ट्रक्चर के माध्यम से घायल को सुरक्षित उतारने का लाइव डेमो भी किया गया।
जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने बताया कि 100 लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया था, जिससे उन्हें किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई, इसके अतिरिक्त 4 घायल एवं 1 मृत पाया गया। उन्होंने कहा कि आपदा कभी पूर्व सूचना देकर नहीं आती, ऐसे में सभी विभागों को तत्पर, सजग और समन्वित रहना आवश्यक है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन और सभी संबंधित विभागों के समन्वय और तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की मॉकड्रिल से किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की हमारी क्षमता बढ़ती है।
जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह मॉकड्रिल प्लांट में हवाई हमले की स्थिति में मौके पर राहत एवं बचाव कार्य, घायलों को त्वरित रूप से अस्पताल पहुंचाने और अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्थाओं की तैयारियों का जायजा लेने के उद्देश्य से की गई। रिपॉन्स समय के अनुसार सभी का मूल्यांकन भी किया जाएगा।
मॉक ड्रिल के पश्चात जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों के साथ बैठक कर संपूर्ण कार्रवाई की मॉकड्रिल के समाप्त होते ही समीक्षा की और संतोष व्यक्त करते हुए पाई गई खामियों को दूर करने सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मॉक ड्रिल में एएसपी नाजिम अली, तहसीलदार रामधन गुर्जर, डीएसपी राजेंद्र बुरडक, सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत, जिला रसद अधिकारी शशि शेखर शर्मा सहित पुलिस, सिविल डिफेंस से अंकित कुमार एवं राहुल कुमार, आपदा प्रबंधन आदि विभागों के अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।
संदीप यादव 151113300
