ड्राइवर की लापरवाही: फोन पर बात करने के चक्कर में हुआ हादसा, 10 बच्चे घायल
पीलीभीत। शुक्रवार सुबह पीलीभीत के बरखेड़ा क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। यहाँ 'लिटिल स्टार अकादमी' की एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। वैन में क्षमता से अधिक लगभग 26 बच्चे सवार थे, जो इस भीषण टक्कर में बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वैन की रफ्तार काफी तेज थी। चश्मदीदों ने बताया कि चालक गाड़ी चलाते समय फोन पर बात कर रहा था। मोबाइल पर ध्यान भटकने के कारण उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वैन सीधे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभा जड़ से उखड़कर जमीन पर गिर गया। राहत की बात यह रही कि उस समय खंभे में बिजली की आपूर्ति बंद थी, वरना बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
10 बच्चे घायल, चालक फरार
इस दुर्घटना में 10 बच्चे घायल हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, वैन में सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाते हुए बच्चों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। घायल बच्चों में प्रज्ञानंद (6 वर्ष) धनंजय (2 वर्ष) हिमांशु, अनुज मौर्य, सौरभ, रिमझिम, ऋषभ, सरिता, सोनम और प्रांजल।
हादसे के तुरंत बाद निर्दयी चालक बच्चों को उसी हाल में छोड़कर मौके से फरार हो गया। वैन में मोहम्मदगंज रम्पुरा, खजुरिया, पचपेड़ा, दोलापुर और लखनऊ कलां जैसे करीब आधा दर्जन गांवों के बच्चे सवार थे।
हादसे के बाद स्कूल स्टाफ ने घायल बच्चों को दूसरी वैन से अस्पताल पहुँचाया। जब स्कूल प्रबंधन से वैन की ओवरलोडिंग और लापरवाही को लेकर सवाल किए गए, तो उन्होंने चुप्पी साध ली और कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
थाना अध्यक्ष प्रमेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा, "मामले की जानकारी मिली है और जांच की जा रही है। बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
