फास्ट न्यूज इंडिया
शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे पति-पत्नी; सुल्तानपुर गांव में छाया मातम
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा सेहरामऊ थाना क्षेत्र के जेठापुर गुरुद्वारे के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी
जानकारी के अनुसार, सेहरामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर निवासी आकाश शर्मा (पुत्र रामरतन शर्मा) अपनी पत्नी खुशबू के साथ बाइक पर सवार होकर पूरनपुर के मोहल्ला चौक स्थित अपने साडू की बहन के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। शुक्रवार दोपहर लगभग एक बजे जैसे ही वे जेठापुर गुरुद्वारे के समीप पहुंचे, सामने से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दंपति सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। स्थानीय राहगीरों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने आकाश शर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि खुशबू का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
आकाश की मौत की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव सुल्तानपुर पहुंची, वहां शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान 151173981
