गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और अनुदीप फाउंडेशन के मध्य बृहस्पतिवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया। इसके तहत विश्वविद्यालय एवं जनपद के सभी संबद्ध कॉलेजों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को एआई के क्षेत्र में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि एआई वर्तमान समय की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। यह समझौता हमारे शिक्षकों को नवीन तकनीकों से लैस करेगा, जिससे वे विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार कर सकेंगे।
गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अजय कुमार शुक्ल ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रक्रिया शीघ्र ही प्रारंभ की जाएगी। इसके तहत शिक्षकों को जेनरेटिव एआई, आंकड़ा विश्लेषण व आधुनिक शैक्षणिक सॉफ्टवेयर का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा। इसके साथ ही डिजिटल सशक्तीकरण पर विशेष बल देते हुए उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार किया जाएगा। माइक्रोसॉफ्ट बेस्ड एआई टूल्स पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान अनुदीप फाउंडेशन के तन्मय मुखर्जी विवेक कुमार और आशुतोष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
रिपोर्टर फूलमती मौर्य 151188511
