फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद में चल रहे संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत मंगलवार को माध्यमिक विद्यालयों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ दिव्या मिश्रा तथा जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा के निर्देश पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन कर छात्रों को स्वच्छता एवं रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सराय आनादेव, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रतापगढ़, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आसपुर देवसरा, एपीएस इंटर कॉलेज भदोही, तुलसी इंटर कॉलेज बाबूगंज कुंडा तथा अमर जनता इंटर कॉलेज कटरा गुलाब सिंह सहित कई शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का संचालन एवं संयोजन प्रधानाचार्य डॉ विंध्याचल सिंह एवं अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में किया गया। विभिन्न विद्यालयों में प्रधानाचार्यों—गीता यादव, डॉ. अनीस, डॉ. आम्रपाली द्विवेदी, जितेंद्र प्रताप सिंह, अनुपम ओझा और डॉ. स्निग्धा पाण्डेय—के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने मच्छर जनित बीमारियों, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और व्यक्तिगत स्वच्छता जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने बताया कि गंदगी और लापरवाही के कारण डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक रोग तेजी से फैलते हैं, जिन्हें समय रहते जागरूकता और सावधानी से रोका जा सकता है। अभियान के तहत शिक्षकों ने विद्यार्थियों को अपने घर और आसपास साफ-सफाई रखने, जलभराव न होने देने, नियमित हाथ धोने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। जनपद के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों छात्रों तक स्वच्छता और स्वास्थ्य का संदेश पहुंचाया गया, जो संचारी रोगों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049


