खेरागढ़ थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत दुराधारी चौकी के पास स्थित गांव बरबर में देसी शराब के ठेके पर तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, एक पति और उसकी पत्नी ठेके के अंदर घुस गए और वहां रखी शराब की पेटियों को बाहर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान कई बोतलें भी तोड़ दी गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे।
घटना के समय ठेके पर मौजूद सेल्समैन लोकेश कुमार ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन अचानक हुई इस घटना से माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि हंगामा करने वाले दोनों लोग उसी गांव के रहने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दूधाधारी चौकी प्रभारी नीरज कुमार के अनुसार, अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत (तहरीर) प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस प्रथम दृष्टया जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के चलते कुछ समय के लिए ठेके का संचालन भी प्रभावित रहा। रिपोट - शाहरुख़ बेग 151188410
