शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल रामगढ़ताल में जल्द ही 50 यात्रियों की क्षमता वाली आधुनिक बोट सेवा शुरू होने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शासन से वित्तीय एवं प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को और बढ़ावा मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, इस पहल से जहां पर्यटकों को आकर्षक सुविधाएं मिलेगी, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। यात्री बोट सेवा के संचालन के लिए जीडीए और जलमार्ग प्राधिकरण के बीच जल्द ही औपचारिक अनुबंध किया जाएगा।
इस अनुबंध में संचालन, रखरखाव, राजस्व साझेदारी, सुरक्षा मानकों और ब्रांडिंग जैसे अहम बिंदुओं को शामिल किया जाएगा। परियोजना को अंतर्देशीय जलयान अधिनियम 2021 के तहत तय सुरक्षा और पर्यावरण मानकों के अनुरूप लागू किया जाएगा।
प्राधिकरण ने जीडीए से अनुबंध का प्रारूप तैयार कर शीघ्र सुझाव देने को कहा है, ताकि शासन की अंतिम स्वीकृति के बाद परियोजना को धरातल पर उतारा जा सके। बताया जा रहा है कि परियोजना के लिए कुल 3.06 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से 2.19 करोड़ रुपये की पहली किस्त उत्तर प्रदेश अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण की ओर से जीडीए को जारी कर दी गई है।
जीडीए के उपाध्यक्ष आनंद वर्धन ने बताया कि परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर बोट सेवा शुरू कर दी जाएगी।
रिपोर्टर फूलमती मौर्य 151188511
