चौरीचौरा थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में मंगलवार तड़के एक 28 वर्षीय युवक का शव नहर किनारे पेड़ से फंदे के सहारे लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मंगलवार सुबह नहर की ओर जा रहे एक ग्रामीण की नजर पेड़ की डाली से लटक रहे शव पर पड़ी। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान गांव निवासी धनन्जय उर्फ अनुज सिंह (28) पुत्र अमर सिंह के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे परिजन कुछ देर रुकने के बाद बिना कुछ बोले वापस लौट गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे बाद शव को नीचे उतरवाया। बताया जा रहा है कि मृतक का घर घटनास्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर है। वह गांव में मेडिकल स्टोर चलाता था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में उसकी तीन बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार सोमवार रात किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ था, जिसके बाद युवक घर से चला गया था। मंगलवार सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला। शव गमछा और शर्ट से बने फंदे के सहारे लटक रहा था, वहीं बंडी पर एक स्थान पर खून के निशान भी पाए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर फूलमती मौर्य 151188511
