फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड गदरपुर। जनगणना-2027 के कार्यों में लापरवाही बरतने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपजिलाधिकारी एवं उपखण्ड जनगणना अधिकारी ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के शाखा प्रबंधक को नोटिस जारी कर कड़ी चेतावनी दी है। मामला बैंक कर्मचारियों के जनगणना प्रशिक्षण में शामिल न होने से जुड़ा है।
दरअसल, नगर पालिका परिषद गदरपुर क्षेत्र में जनगणना कार्य के लिए बैंक के कुछ कर्मचारियों को प्रगणक और पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। इन सभी को 20 अप्रैल से आईटीआई गदरपुर में शुरू हुए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में पहुंचना था, लेकिन बैंक से कोई भी कर्मचारी वहां उपस्थित नहीं हुआ।
प्रशासन ने इसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में बड़ी लापरवाही और जनगणना अधिनियम 1948 के निर्देशों का उल्लंघन माना है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि इस अनुपस्थिति के कारण महत्वपूर्ण सरकारी कार्य में देरी हुई है, जिससे उच्च अधिकारी बेहद नाराज हैं।
शाखा प्रबंधक को निर्देश दिया गया है कि वे अगले 24 घंटे के भीतर इस लापरवाही का ठोस कारण स्पष्ट करें। यदि निर्धारित समय में जवाब नहीं दिया गया, तो प्रशासन ने जनगणना अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई करने की सीधी चेतावनी दी है। इस मामले की जानकारी जनगणना आयुक्त और जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों को भी भेज दी गई है। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804
