शाहपुर थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्चियों के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। आरोपी ने शनिवार को टॉफी देने के बहाने दोनों बच्चियों को अपने कमरे में बुलाकर पहले अश्लील हरकत की फिर उनमें से एक के साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर रविवार को स्पेशल कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उधर, दुष्कर्म के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने परिजनों की मदद से उपचार कराया।
जानकारी के अनुसार, संतकबीरनगर जनपद की एक महिला शाहपुर क्षेत्र के एक मोहल्ले में किराये के मकान में परिवार के साथ रहती है। वह घरों में चौका-बर्तन कर आजीविका चलाती है। उसके साथ भाभी और चार वर्षीय भतीजी भी रहती हैं। उसी मकान में गोला थाना क्षेत्र के परसिया निवासी 28 वर्षीय आकाश कुमार भी किराये के कमरे में रहकर मजदूरी करता है।
आरोप है कि शनिवार रात करीब आठ बजे आकाश ने महिला की सात वर्षीय बेटी और उसकी चार वर्षीय भतीजी को टॉफी देने का लालच देकर अपने कमरे में बुला लिया। वहां उसने दोनों के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। सात वर्षीय बच्ची रोते हुए अपनी मां के पास पहुंची और पूरी घटना बताई
इसके बाद मां अपनी भाभी के साथ चार वर्षीय बच्ची की तलाश में आरोपी के कमरे में पहुंचीं। वहां वह चार वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर रहा था। उन्हें देखकर वह भाग गया। उधर, दुष्कर्म से बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से दोनों बच्चियों का प्राथमिक उपचार कराया। पुलिस ने आरोपी को देर रात इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
एक हफ्ते पहले आरोपी ने पत्नी को भेज दिया था मायके
आरोपी आकाश किराए के मकान में परिवार संग रहता था। उसकी छह साल की एक बच्ची भी है। बताया जा रहा है कि वह मजदूरी करता था। पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि आरोपी हमेशा शांत रहता था इसलिए किसी को कभी शक नहीं हुआ। एक हफ्ते पहले उसने पत्नी और बच्ची को मायके भेज दिया। इसके बाद उसने बच्चियों को बुलाकर ऐसी हरकत की।
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच जारी है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी: रवि सिंह, सीओ गोरखनाथ
रिपोर्ट - फूलमती मौर्य 151188511
