उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां एक 17 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
यह घटना झंगहा थाना क्षेत्र की है, जहां इंडियन गैस एजेंसी के पास सुबह एक पेड़ से किशोर का शव लटका हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
मृतक की पहचान आदित्य चौहान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह वह घर आया था और उस समय नशे की हालत में था। इसी दौरान घर में विवाद हुआ और उसने गुस्से में आत्महत्या करने की बात भी कही थी। हालांकि, परिवार ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया।
मृतक की मां सुनीता देवी ने बताया कि सुबह घरेलू बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद वह घर से निकल गया। कुछ ही देर बाद सूचना मिली कि उसने फांसी लगाकर जान दे दी।
इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अगर आपके आसपास कोई व्यक्ति मानसिक तनाव में है या इस तरह की बातें कर रहा है, तो उसे गंभीरता से लें और तुरंत मदद लेने की सलाह दें। समय पर सहयोग कई जिंदगियां बचा सकता है।