कासगंज। ढोलना थाना क्षेत्र के मारूपुर गांव पर ट्रेन की चपेट में आकर काल कलवित हुए किशोर की शिनाख्त हो गई है। परिजनों ने किशोर की शिनाख्त उसके कपड़ों से की है और परिजनों के डांटने पर किशोर द्वारा घर से निकल जाने की बात कही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
बता दें कि गत शनिवार को मारूपुर गांव पर रेलवे लाइन की पटरी पर एक शव पड़ा मिला था। मृतक का सिर पूरी तरह से नष्ट हो गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए। मृतक की शिनाख्त 16 वर्षीय मोहित कुमार राजपूत पुत्र सतीश चंद्र राजपूत निवासी गांव मगथरा थाना सिढ़पुरा कासगंज के रूप में हुई है। मृतक के पिता ने बताया कि शुक्रवार की शाम किसी बात पर परिवार के लोगों ने बच्चों को डांट दिया था। इसके बाद ही मोहित घर से नाराज होकर निकल गया था। उसका बेटा इन्हीं कपड़ों को पहनकर घर से निकला था, मृतक के पिता ने कपड़ों से ही अपने बेटे की पहचान की है और पुलिस को तहरीर भी दी है। पुलिस ने मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
