दो लोग झुलसे, पशुधन व ट्रैक्टर समेत लाखों का सामान खाक, मुआवजे की मांग तेज
पीलीभीत। जनपद पीलीभीत के ट्रांस शारदा क्षेत्र स्थित थाना हजारा के ग्राम राणा प्रताप नगर में रविवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। दोपहर करीब तीन बजे अज्ञात कारणों से भड़की आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और लगभग आधा दर्जन घरों को अपनी चपेट में लेकर राख कर दिया। घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार इस भीषण हादसे में प्रभु नाथ (55) पुत्र बंसी और काशिम अली (44) पुत्र मकसूद आग में झुलस गए। दोनों घायलों को आनन-फानन में प्राथमिक उपचार के लिए पलिया अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।ग्रामीणों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और बाल्टी, ट्यूबवेल व अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।आग की चपेट में आकर काशिम अली का ट्रैक्टर पूरी तरह जल गया। साथ ही पंपिंग सेट, चारा मशीन, बैलगाड़ी और अन्य कृषि उपकरण भी खाक हो गए। इसके अलावा दो बकरियां भी जलकर मर गईं और भारी मात्रा में घरेलू सामान राख हो गया। इस घटना में लाल बहादुर पुत्र बंसी, मेराज पुत्र मकसूद और सोभनाथ को भी गंभीर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।आग की इस भयावह घटना ने कई परिवारों को बेघर कर दिया है। गरीब परिवारों की वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी कुछ ही मिनटों में राख हो गई। प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं और उनके सामने भोजन व आश्रय का संकट खड़ा हो गया है।
घटना के बाद गांव में मातम और बेबसी का माहौल है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने और उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि आग लगने के कारणों का जल्द पता लगाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।फिलहाल प्रशासनिक टीम के मौके पर पहुंचने की सूचना है, लेकिन ग्रामीणों ने राहत और सहायता कार्यों में तेजी लाने की मांग की है, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान पीलीभीत 151173981
