जहानाबाद में पुलिस का एक्शन—घेराबंदी में फंसा बदमाश, अवैध तमंचा और बाइक बरामद
पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार रात व्यापार मंडल तिराहा के पास चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें पचास हजार का इनामी लुटेरा घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष प्रदीप बिश्नोई के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट का वांछित आरोपी सहादत अली पुत्र इश्तियाक अली (निवासी कुशीनगर) पीलीभीत से बरेली की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सियावाली पट्टी रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा।
खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाएं पैर में लगी, जिससे वह मौके पर गिर पड़ा और गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा (315 बोर), जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
घायल बदमाश को तत्काल सीएचसी जहानाबाद भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर नताशा गोयल ने बताया
यह मामला 9 मार्च 2026 का है, जब जहानाबाद क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक श्याम बिहारी लाल के साथ कार सवार चार बदमाशों ने 23,000 की लूट की थी। इस घटना में पहले ही दो आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी थी। अब इस इनामी बदमाश की गिरफ्तारी से पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान पीलीभीत -151173981
