खैरथल। इंजीनियर पॉइंट स्कूल के सीबीएसई कैंपस में मंगलवार को गौरव और प्रेरणा से भरा माहौल देखने को मिला। विद्यालय के दो पूर्व विद्यार्थियों अभिमन्यु सिंह और निकिता गुप्ता की शानदार उपलब्धि पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अभिमन्यु सिंह (पुत्र – बलवान सिंह) का चयन उत्तर प्रदेश में सहायक आयुक्त पद पर तथा निकिता गुप्ता (पुत्री – मुकेश कुमार गुप्ता) का चयन एसएससी सीजीएल के माध्यम से भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक कार्यालय में होने पर विद्यालय परिवार ने उनका सम्मान किया।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
समारोह में आचार्य विजय सेवक, डॉ. राजेश लालवानी (पूर्व वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी), डॉ. विनोद कुमारी सांगवान (प्रधान, कोटकासिम) एवं बी.पी. सुमन (प्रधान, किशनगढ़) विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अभिमन्यु की माता शारदा देवी एवं उनके भाई गौरव चौधरी भी मौजूद रहे। विद्यालय के निदेशक आजाद चौधरी, प्रधानाचार्य रमेश कुमार तिवाड़ी एवं आचार्य राजेश कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया।
वक्ताओं ने दिए सफलता के सूत्र
डॉ. राजेश लालवानी ने कहा कि निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है और लक्ष्य हमेशा ऊँचा रखना चाहिए। डॉ. विनोद कुमारी सांगवान ने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि बेटियाँ किसी से कम नहीं हैं और वे हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। आचार्य विजय सेवक ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और प्रसन्नचित्त रहकर कार्य करने की प्रेरणा दी।
अभिमन्यु सिंह ने साझा किया अनुभव
अभिमन्यु सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल लंबे समय तक बैठना पढ़ाई नहीं है, बल्कि ईमानदारी से की गई गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई ही सफलता दिलाती है। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने पर जोर दिया।
निदेशक ने जताया गर्व
समारोह के अंत में निदेशक आजाद चौधरी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अभिमन्यु और निकिता की उपलब्धि पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से इनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन तालियों की गूंज के बीच हुआ। दोनों विद्यार्थियों की सफलता विद्यालय के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी। संदीप कुमार यादव 151113300
