शिकायतों के बाद जागा प्रशासन, राजेश्वरी नर्सिंग होम पर गिरी गाज, FIR के आदेश
पीलीभीत। जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले 'फर्जी' अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी स्ट्राइक की है। बीसलपुर के ईदगाह चौराहे के पास अवैध रूप से संचालित 'राजेश्वरी नर्सिंग होम एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर' को प्रशासन ने पूरी तरह सील कर दिया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार शर्मा के निर्देश पर जब स्वास्थ्य विभाग की टीम नायब तहसीलदार अवधेश कुमार और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची, तो नजारा चौंकाने वाला था। अस्पताल में न तो कोई वैध रजिस्ट्रेशन मिला और न ही कोई योग्य डॉक्टर मौजूद था। आलम यह था कि बिना किसी कागजी औपचारिकता के ही यहाँ मरीजों का इलाज किया जा रहा था।
बीसलपुर के सीएचसी अधीक्षक डॉ. आलमगीर के मुताबिक, इस अस्पताल की शिकायतें काफी समय से मिल रही थीं। फरवरी और मार्च में भी औचक निरीक्षण के दौरान यहाँ कोई डॉक्टर नहीं पाया गया था। प्रशासन ने संचालक को 'कारण बताओ नोटिस' जारी किया था, लेकिन उसे गंभीरता से नहीं लिया गया और अवैध धंधा जारी रहा।
प्रशासन ने अब न केवल अस्पताल को सील किया है, बल्कि संचालकों के खिलाफ रिर्पोट दर्ज करने के आदेश भी दे दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले ऐसे किसी भी फर्जी अस्पताल को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
