विवेचनाओं में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई तय—सीओ सिटी सख्त
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर प्रशांत राज ने बुधवार को क्राइम ब्रांच के विवेचकों का अर्दली रूम कर लंबित विवेचनाओं की गहन समीक्षा की। बैठक में विवेचना की गुणवत्ता, गति और निष्पक्षता को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान सीओ सिटी ने पाया कि कुछ प्रकरणों में अपेक्षित गति नहीं है, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी विवेचकों को चेताया कि लंबित मामलों का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विवेचना केवल औपचारिकता न रहकर न्याय दिलाने का सशक्त माध्यम होनी चाहिए। प्रशांत राज ने विशेष रूप से गंभीर अपराधों, महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों तथा अन्य संवेदनशील प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में साक्ष्यों के वैज्ञानिक एवं ठोस संकलन, गवाहों के बयान की मजबूती तथा समयबद्ध विवेचना पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि हर विवेचक अपने-अपने प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें और प्रगति रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करें, ताकि किसी भी स्तर पर देरी न हो। सीओ सिटी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी भी विवेचना में अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई तय है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी विवेचक पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखते हुए कार्य करें, जिससे पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। बैठक के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का आश्वासन दिया। इस समीक्षा बैठक को जनपद में अपराध नियंत्रण और न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
