गोरखनाथ थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगों ने पूर्व पार्षद जनार्दन चौधरी से 8.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में पीड़ित की तहरीर पर गोरखनाथ पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विकासनगर कॉलोनी निवासी जनार्दन चौधरी ने बताया कि बीते आठ मार्च को उनके व्हाट्सएप पर एक अंजान नंबर से मैसेज आया, जिसमें ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिये रकम को दोगुना करने का लालच दिया गया।
जालसाजों ने उन्हें डीयूप्वाइनस डॉट कॉम और एम डॉट डीयू प्वाइनस डॉट कॉम नाम की वेबसाइट पर अकाउंट खोलने के लिए कहा। इसके बाद उन्हें ट्रेडिंग के बारे में जानकारी दी गई और एक ग्रुप में जोड़ लिया गया। आरोपियों ने अलग-अलग खातों में रुपये ट्रांसफर कराए।
शुरुआती दिनों में फर्जी तरीके से मुनाफा दिखाकर विश्वास बढ़ाया गया। इसी झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग दिनों में कई बार में कुल 8.50 लाख रुपये जमा कर दिए। जब पूर्व पार्षद ने जमा की गई रकम निकालने की कोशिश की तो जालसाजों ने भुगतान करने से मना कर दिया।
उल्टा और रुपये जमा करने का दबाव बनाने लगे। ठगी का अहसास होने पर जब उन्होंने रुपया मांगना शुरू किया तो आरोपियों ने उनसे संपर्क तोड़ लिया। पीड़ित ने बैंक लेनदेन की रसीद, व्हाट्सएप चैट और संबंधित वेबसाइट के लिंक पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपे हैं।
थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बैंक खातों के विवरण के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
रिपोर्ट फूलमती मौर्य 151188511
