कट्ठीवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तूफान गाड़ी से 72 पेटी बीयर जब्त, आरोपी फरार
आलीराजपुर, 12 अप्रैल 2026।
जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आलीराजपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कट्ठीवाड़ा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक तूफान गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध बीयर बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान उपनिरीक्षक लालू सिंह भूरिया को पेट्रोलिंग के समय सूचना मिली कि ग्राम झोलिया-भजियाना रोड स्थित नाले के पास झाड़ियों की आड़ में एक सिल्वर रंग की तूफान गाड़ी (क्रमांक GJ10X0406) खड़ी है, जिसमें अवैध शराब रखी हुई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सोलंकी के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
पुलिस को देखते ही वाहन चालक सुखराम पिता वीरसिंह भील, निवासी ग्राम भजियाना, वाहन छोड़कर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन वह हाथ नहीं लगा।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से माउंट 6000 सुपर स्ट्रॉन्ग बीयर की कुल 72 पेटियां बरामद हुईं। जब्त शराब में विभिन्न बैच की पेटियां शामिल हैं। कुल शराब की मात्रा 86,400 बल्क लीटर आंकी गई, जिसकी कीमत 1,72,800 रुपये है। वहीं, जब्त तूफान गाड़ी की कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल 5,72,800 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कट्ठीवाड़ा में अपराध क्रमांक 45/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 46 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक दिनेश सोलंकी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक लालू भूरिया, सहायक उपनिरीक्षक रामवीरसिंह, प्रधान आरक्षक दयालसिंह, प्रधान आरक्षक चंदरसिंह, आरक्षक विकास, आरक्षक दलसिंह एवं सैनिक गोविंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फास्ट न्यूज इंडिया
पायल बघेल डिस्टिक इंचार्ज आलीराजपुर
