शहर के छात्रसंघ भवन स्थित कबाड़ी गली में शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे मकान की तीसरी मंजिल पर बने किचन में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही पूरे भवन में धुआं फैल गया। घर के अंदर मौजूद परिवार के लोगों ने बाहर निकलकर जान बचाई। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
कबाड़ी गली निवासी मंजू देवी पत्नी किशोर कुमार के मकान से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया और तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। करीब 15 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि, तब तक किचन में रखे फ्रिज, कूलर, एसी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था।
गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। भवन के निचले तल पर संचालित कोचिंग सेंटर शनिवार को बंद होने के कारण भीड़ नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष राय के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर फूलमती मौर्य 151188511
