उत्तराखंड उधम सिंह नगर दिनेशपुर, गुरुद्वारा माता साहिब कौर में 13 और 14 अप्रैल को दो दिवसीय धार्मिक दीवान सजेगा। खालसा पंथ के जन्मोत्सव व बैसाखी पर्व के उपलक्ष्य में 11 अप्रैल को विशाल नगर कीर्तन निकाला जाएगा। जत्थेदार व संगत ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।शुक्रवार को गुरुद्वारा माता साहिब कौर के जत्थेदार बाबा गुरदेव सिंह ने बताया कि दिल्ली के कारसेवक प्रमुख जत्थेदार बाबा बचत सिंह की अगवाई में 11 अप्रैल को विशाल नगर कीर्तन गुरुद्वारा सिंह सभा अर्जुनपुर से शुरू होकर नेतानगर, दुर्गापुर होते देर शाम नगर में पहुंचेगी। इस दौरान संगतगुरु की वाणी का गुणगान करते हुए नगर कीर्तन का विधिवत समापन गुरुद्वारा माता साहिब कौर में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 13 व14 अप्रैल को गुरुद्वारा माता साहिब कौर में दो दिवसीय धार्मिक दीवान सजेगा। देशभर से आए रागी जत्था, कविश्रर जत्था व ढांढी जत्था गुरुकी महिमा का गुणगान करेंगे। 14 अप्रैल को अमृत संचार किया जाएगा। तत्पश्चात चल रही पाठ की लड़ियों का भोग पड़ेगा। उन्होंने कहा कि खालसा पंथ के जन्मोत्सव व बैसाखी पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान अटूट लंगर बरता जाएगा।

