कलेक्टर द्वारा स्वास्थ्य एवं पोषण योजनाओं की गई संयुक्त समीक्षा
दोनो ही विभाग जिले के विकास में निभाते है महत्वपूर्ण भूमिका- कलेक्टर श्रीमती माथुर
----
एचपीवी टीकाकरण को विशेष अभियान के माध्यम से संचालित किया जाए
आलीराजपुर, 10 अप्रैल 2026। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में कलेक्टर सभा कक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला पोषण समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने जमीनी अमले को सक्रिय करते हुए कुपोषण, एनीमिया एवं सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं की नियमित स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि कोई भी महिला या बच्चा कुपोषण का शिकार न हो।
उन्होंने ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीनेशन अभियान को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि यह वैक्सीन बालिकाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करती है। इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कर ग्रामीण क्षेत्रों में फैली भ्रांतियों को दूर करने और अधिक से अधिक बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में वय वंदना योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग करे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। जिला पोषण समिति की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई केंद्रों पर बच्चों को नियमित आहार नहीं मिल रहा है तथा बच्चों की उपस्थिति भी कम है। समूहों द्वारा भोजन एवं नाश्ता समय पर न दिए जाने के कारण महिलाओं और बच्चों में कुपोषण जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के जीवन की प्रारंभिक पाठशाला होते हैं, ऐसे में वहां की व्यवस्था बेहतर होना अत्यंत आवश्यक है।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि योजनाओं का संचालन सुचारू रूप से नहीं हुआ तो जिला स्तर से लेकर जमीनी स्तर तक सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आगामी सप्ताह से प्रत्येक सेक्टर का निरीक्षण किया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सीडीपीओ के विरुद्ध वेतन वृद्धि रोकने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने दोनों विभाग के सभी अधिकारियों को कहा कि स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग जिले के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। सभी अधिकारी अपनी-अपनी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए जिले के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस दौरान संबंधित विभाग के जिला अधिकारी एवं ब्लॉक अधिकारी उपस्थित थे ।
फास्ट न्यूज इंडिया
पायल बघेल डिस्टिक इंचार्ज आलीराजपुर
