बयाना- सामाजिक सरोकारों में अग्रणी संस्था श्री कल्याण फाउंडेशन बयाना द्वारा तृतीय विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन 12 अप्रैल 2026, रविवार को भानी महल, जानकीपुरम कॉलोनी बयाना में किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन की तैयारियों को लेकर आज फाउंडेशन कार्यालय पर सदस्यों की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावशाली बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 11 अप्रैल को एक भव्य रैली निकाली जाएगी। यह रैली गांधी चौक से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, बजरिया होते हुए मित्तल पेट्रोल पंप तक पहुंचेगी। रैली के माध्यम से आमजन को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि रक्तदान शिविर में रक्त संग्रहण के लिए सरकारी ब्लड बैंक आरबीएम ब्लड बैंक भरतपुर एवं एसएमएस ट्रॉमा ब्लड बैंक जयपुर की टीमों को आमंत्रित किया गया है, जो शिविर में आने वाले रक्तदाताओं से सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से रक्त संग्रहण करेंगी। संस्था के सदस्यों ने शिविर को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने, व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने तथा समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
