5 साल का प्यार, 6 महीने की दूरियां और एक होटल के कमरे में 'सुसाइड'
पीलीभीत के एक होटल में गेल इंडिया के युवा इंजीनियर दीपांशु (27) ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। वजह बनी वह प्रेमिका, जिसके साथ 5 साल तक अफेयर चला और फिर 6 महीने पहले ब्रेकअप हो गया। बरेली के योंशलपुर का रहने वाला दीपांशु दिल्ली में तैनात था, जबकि उसकी प्रेमिका पीलीभीत के एक प्राइमरी स्कूल में सरकारी टीचर है।
दीपांशु एक हफ्ते पहले घर से 'ड्यूटी' पर जाने का कहकर निकला, लेकिन वह पीलीभीत पहुँच गया।
वह चार दिनों तक छतरी चौराहा स्थित एक होटल में रुका और अपनी प्रेमिका को मनाने की आखिरी कोशिशें करता रहा।
जब बात नहीं बनी और पता चला कि प्रेमिका की शादी कहीं और तय हो गई है, तो बुधवार रात उसने जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसने दोस्त को फोन किया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एक होनहार करियर और 5 साल का रिश्ता, जाति और दूरियों की भेंट चढ़ गया। दीपांशु कुर्मी समाज से था और लड़की रस्तोगी। दोनों के बीच सरकारी नौकरी लगने के बाद विवाद शुरू हुए थे।
परिजनों और मामा सुखपाल सिंह के अनुसार, ब्रेकअप के बाद से दीपांशु काफी परेशान था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने होटल के कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं। सुनगढ़ी थाना पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
